गौहर जान भारत की पहली रिकॉर्डिंग सुपरस्टार
#इतिहास_के_पन्नों_से
आज इतिहास के पन्नों को पलटते हुए हम बात करेंगे गौहर जान की। वही गौहर जान जिनको भारत की पहली रिकॉर्डिंग सुपरस्टार कहा जाता है। 26 जून, 1873 को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पैदा हुईं गौहर जान क्रिश्चियन थीं। उनका असली नाम एंजेलीना योवर्ड था और वह आर्मेनिया मूल की थीं। उनकी मां का नाम विक्टोरिया हेम्मिंग्स और पिता का नाम विलियम योवर्ड था। गौहर जब 6 साल की थीं, तब उनके माता-पिता का तलाक़ हो गया था। इसके बाद उनकी मां ने बेटी के साथ इस्लाम धर्म अपना लिया।
तकरीबन 20 से ज़्यादा भाषाओं में ठुमरी से लेकर भजन तक गाने वाली गौहर जान भारत की पहली गायिका थीं, जिन्होंने भारतीय संगीत के इतिहास में अपने गाए गानों की रिकॉर्डिंग कराई थी। यही वजह है कि उन्हें 'भारत की पहली रिकॉर्डिंग सुपरस्टार' का दर्जा मिला है। 2 नवंबर, 1902 को गौहर जान का पहला गाना रिकॉर्ड हुआ था। इसके बाद उन्होंने करीब 600 गीत रिकॉर्ड किए। गौहर जान दक्षिण एशिया की पहली गायिका थीं, जिनके गाने ग्रामोफोन कंपनी ने रिकॉर्ड किए थे। 1902 से 1920 के बीच 'द ग्रामोफोन कंपनी ऑफ इंडिया' ने गौहर के हिन्दुस्तानी, बांग्ला, गुजराती, मराठी, तमिल, अरबी, फारसी, पश्तो, अंग्रेजी और फ्रेंच गीतों के छह सौ डिस्क निकाले थे।
गौहर खान ने अपने हुनर के दम पर ऐसा दबदबा बनाया था कि रियासतों और संगीत सभाओं में उन्हें बुलाना प्रतिष्ठा की बात हुआ करता थी। और उस दौरान के लोग कहा करते थे- “गौहर के बिना महफ़िल, जैसे शादी के बिना दुल्हन।" 1903 में गौहर जान के रिकॉर्ड भारतीय बाजारों में दिखने लगे और इनकी काफी मांग थी। वह बहुत प्रसिद्ध हुई; यहां तक कि जब किंग जॉर्ज दिल्ली दरबार के लिए भारत आए, तो गौहर जान को उनके लिए गाने के लिए दिल्ली आमंत्रित किया गया था।
#ItihasKePannonSe #History #InterestingFacts
Comments
Post a Comment